कोरोना अपडेट: एक दिन में 10 लाख से अधिक की जांच, नए मरीज भी 70 हजार तक पहुंचे
सुमन कुमार
देश में शुक्रवार को 69878 नए कोरोना मरीज सामने आए हैं। नए मरीजों की संख्या के मामले में महाराष्ट्र शुक्रवार को भी सबसे ऊपर रहा जहां लगातार दूसरे दिन 14 हजार से अधिक नए मरीज सामने आए हैं। राज्य में एक दिन में 14161 नए मरीज सामने आए हैं। शुक्रवार को देश की राजधानी दिल्ली में नए मरीजों की संख्या 1250 रही है। कुल नए मरीज का करीब 95 प्रतिशत हिस्सा देश के 17 राज्यों में सिमटा हुआ है। आंध्र प्रदेश में 9544, तमिलनाडु में 7795, कर्नाटक में 7571, यूपी में 4905, बंगाल में 3245, ओडिशा में 2698, तेलंगाना में 2474, बिहार में 2472, केरल में 1983, असम में 1856, पंजाब में 1503, राजस्थान में 1335, गुजरात में 1204, हरियाणा में 1203 और मध्य प्रदेश में 1147 नए मरीज सामने आए हैं।
देश में क्या है मरीजों की स्थिति
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार की देर रात तक भारत में कोरोना वायरस के कुल एक्टिव पीड़ितों की संख्या सात लाख के पास पहुंच रही है। अभी देश में कुल 697330 एक्टिव कोरोना मरीज हैं। दूसरी ओर ठीक हो चुके मरीजों का आंकड़ा 22 लाख के पार पहुंच गया है। देश में 2222577 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब हुए हैं। देश में कोरोना को मात देने वालों का आंकड़ा करीब 75 प्रतिशत (74.69) है जबकि एक्टिव मरीजों की संख्या 24 प्रतिशत के नीचे (23.43) है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक इस संक्रमण से पूरे देश में 55794 लोगों की मौत हो चुकी है यानी कुल मरीजों में 1.87 प्रतिशत को बचाया नहीं जा सका है। इनमें से करीब 70 प्रतिशत ऐसे हैं जिनकी मौत कोरोना के साथ-साथ किसी और बीमारी, जैसे की डायबिटीज, किडनी, लिवर आदि की वजह से हुई है। जहां तक देश में कुल कोरोना संक्रमित हुए लोगों का सवाल है तो देश में 2975701 कुल संक्रमित अब तक सामने आए हैं।
आंकड़ों में देखें पिछले 24 घंटे का हाल
पिछले 24 घंटों में कोरोना के 69878 नए मामले सामने आए हैं और 945 लोगों की जान गई है। इसी अवधि में रिकार्ड 63631 पुराने मरीज पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। देश में गुरुवार की रात तक 68898 नए मरीज आए थे।
देश में कितने टेस्ट
देश में कोरोना के टेस्ट की संख्या शुक्रवार को नई ऊंचाई पर पहुंच गई है। शनिवार को भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार देश में पहली बार एक दिन में 10 लाख 23 हजार 836 टेस्ट हुए हैं जबकि देश में कुल टेस्ट की संख्या तीन करोड़ 44 लाख 91 हजार 073 पर पहुंच गयी है।
दुनिया के मुकाबले क्यों बेहतर स्थिति में है भारत?
शनिवार की रात तक पूरी दुनिया में कोरोना के दो करोड़ 32 लाख 54 हजार 010 मरीज हो गए हैं। पूरी दुनिया में एक करोड़ 58 लाख 8 हजार 851 मरीज ठीक हो चुके हैं और 8 लाख 5 हजार 708 लोग कोरोना के कारण मौत के आगोश में जा चुके हैं। अगर हम पूरी दुनिया के कुल मरीजों में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या देखें तो ये करीब 68 प्रतिशत है। भारत में ये आंकड़ा 75 प्रतिशत के करीब है, यानी भारत में ठीक होने वाले मरीजों की दर दुनिया के औसत से अब तक बेहतर है। इसी प्रकार कुल मरीजों में से मृतकों का आंकड़ा 3.46 प्रतिशत है और भारत में ये औसत 1.9 प्रतिशत से नीचे है। यानी इस मामले में भी भारत की स्थिति पूरी दुनिया से बहुत बेहतर है।
पढ़ें- कोरोना वायरस की हर जानकारी और मदद के लिए यहां देखें राज्यवार हेल्पलाइन नंबर
किस राज्य में कितनी मौतें
स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट पर शनिवार को अपडेट किए गए डाटा के अनुसार देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना से 945 मौतें हुई हैं। कुल मौतों में से करीब 79 प्रतिशत मौतें सिर्फ 6 राज्यों में हुई हैं। अकेले महाराष्ट्र में 339, तमिलनाडु में 101, कर्नाटक में 93, आंध्र प्रदेश में 91, यूपी में 64 और बंगाल में 55 मौतें हुई हैं। शेष करीब 21 प्रतिशत मौतें देश के 23 राज्यों में हुई हैं। इनमें से पंजाब में 34, जम्मू कश्मीर में 15, गुजरात, मध्य प्रदेश में 14-14, दिल्ली में 13, राजस्थान, छत्तीसगढ़, केरल में 12-12, झारखंड में 11, ओडिशा में 10, गोवा में 9, तेलंगाना, हरियाणा में 7-7, पुडुचेरी, असम, बिहार में 6-6, उत्तराखंड में 5, हिमाचल प्रदेश, मणिपुर, चंडीगढ़ में 2-2 और त्रिपुरा, लद्दाख एवं अंडमान एवं निकोबार आइलैंड में 1-1 मौतें हुई हैं।
इसे भी पढ़ें-
Comments (0)
Facebook Comments (0)